30 साल बाद मिले कान्हा, पहुंचे कोतवाली


बांदा। जनपद के मवई गांव में एक कुएं से बुधवार को भगवान कृष्ण की मूर्ति बरामद हुई है। मूर्ति मिलने की खबर जैसे ही गांव में फैली लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। कुछ लोग इसे 30 साल पहले श्रीराम जानकी मंदिर से चोरी हुई अष्टधातु की प्रतिमा बता रहे हैं। ग्रामीणों ने कुएं से मूर्ति को निकालने के बाद पुलिस के सुपुर्द कर दिया है।


शहर कोतवाली थाना क्षेत्र के मवई गांव के प्रधान प्रतिनिधि राम किशोर ने बताया कि एक माह पूर्व गांव के कुएं की सफाई का ठेका अजय सिंह को दिया गया था। सफाई कर रहे कर्मचारियों ने कुएं से एक मूर्ति बरामद की थी। लेकिन मजदूरों ने बंटवारे को लेकर मूर्ति को छुपा दिया था। जब इस बात का भंडाफोड़ हुआ तो इस मामले की जानकारी इलाके की पुलिस को दी गई। पुलिस ने इस मामले में जानकारी करने के लिए तीन लोगों को हिरासत में लिया था। काफी पूछताछ के बाद उन लोगों ने यह बताया कि मूर्ति अभी भी कुएं में पड़ी हुई है। जिस पर बुधवार को ग्राम प्रधान ने पंपसेट के माध्यम से कुएं का पूरा पानी निकाल कर मूर्ति को निकलवाया है। इस मूर्ति को देखने के बाद यह पता चला कि यह मूर्ति राम जानकी मंदिर से 30 वर्ष पहले चोरी हो चुकी थी, यह वही मूर्ति है। इस मूर्ति का दाहिना हाथ कटा हुआ था। मूर्ति पुलिस के हवाले कर दी गई है।